एक बच्चा रोता है खिलौने के लिए
आपके पास पैसे नहीं हैं उस मतलब के
बच्चा और जोर से रोता है
आपके पास समय नहीं है उसे समझाने को
आप मन ही मन जोड़ रहे हैं खरीदे गए सामानों का बिल
अब बच्चा सुबक रहा है गाल पर अपने बचपने की रसीद लेकर
और आप बहस रहे हैं फ्री पार्किंग के पुराने ऑफर के लिए
बच्चा फिर भी टिका है अपने रोने की जिद पर
और लटक रहा है आपके पहलू में परजीवी की तरह
आप पीस रहे हैं दांत आस-पास के बच्चों की अच्छी परवरिश पर
गाड़ी में वापस बैठते ही उतर गयी बच्चे की जिद
और साथ ही बढ़ गई आपके गुस्से की रफ़्तार
पहुँचते ही घर बच्चा पहुँचा अपने उसी कोने में
जहां उसके होने की सजा मुक़र्रर करते हैं आप
लेकिन आज, कल से अलग है
आप बच्चे की वेल बीइंग को लेकर सजग हैं
आप लगा देते हैं उसको हलकी सी चपत
और देते हैं जीने का सबसे बड़ा सबक
बेटा- तुम क्यूँ लड़किओं की तरह रोते हो?
और बच्चा खाता है भगवान की कसम
अब कभी नहीं रोऊंगा मैं।।। लड़का बनूँगा मैं।।।